आईसीयू में शॉर्ट सर्किट से महिला के बालों में आग लगी, इसे बुझाने में 3 कर्मचारी भी झुलसे: ऑक्सीजन सिलेंडर में धमाके से सब खाक हो गया
अहमदाबाद के नवरंगपुरा इलाके के कोविड अस्पताल में आग लगने से 8 मरीजों की मौत हो गई। इनमें 5 पुरुष और 3 महिलाएं शामिल हैं। आग रात के 3.30 बजे आईसीयू के बेड नंबर 8 के पास स्पार्क ((शॉर्ट सर्किट) से शुरू हुई और बेड पर लेटी महिला मरीज के बालों तक पहुंच गई। इससे वह घबरा गई। उसे बचाने के लिए एक अटेंडेंट पास आई तो उसके पर्सनल प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट (पीपीई) किट में आग लगी। इसके बाद आग बुझाने के लिए दो कर्मचारी और आगे आए तो वे भी जख्मी हो गए। हादसे के समय आईसीयू में 10 मरीज थे। सभी की मौत हो गई है।
ऑक्सीजन सिलेंडर में आग लगने से पूरा आईसीयू चपेट में आ गया
आईसीयू में आग लगने के दौरान भगदड़ मच गई। इसी दौरान एक ऑक्सीजन सिलेंडर गिर गया और उसमें आग लगने से विस्फोट हो गया। इससे मरीजों और मेडिकल स्टाफ को बाहर तक निकलने का मौका नहीं मिला और पूरा आईसीयू जल गया।
15 मिनट में ही फायर ब्रिगेड पहुंच गई थी
अहमदाबाद फायर ब्रिगेड के एडिशनल चीफ फायर ऑफिसर राजेश भट्ट ने बताया कि जब तक हम यहां पहुंचे, तब तक पूरा आईसीयू खाक हो चुका था। आग फैलने का कारण ऑक्सीजन के सिलेंडर थे। दूसरी तरफ, हॉस्पिटल के दूसरे माले पर 40 मरीज थे, वहां तक धुंआ था। कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था। यहां पर भी कई मरीजों को ऑक्सीजन लगी थी। इसलिए खतरा लगातार बढ़ता जा रहा था। इन सबके बीच ब्रिगेड के 40 जवानों की टीम अंदर पहुंची और एक-एक कर सभी मरीजों को बाहर निकाला।
आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2DEdjnr